जनता से झूठे वादे करने वालों को जनता दिखाएगी बाहर का रास्ता: भुटटो
- घर-घर पानी पहुंचाने के लुभावने सपने दिखाकर कंवर जीते चार चुनाव:भुटटो
- चुनावी सभाओं में गरजे देवेंद्र भुटटो
अग्रवाल
बंगाणा, 6 नवम्बर। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र भुट्टो ने रविवार को बौल, बरनोह, अजनोली लोअर, टक्का, बसाल ख्वाजा, ढठवाड़ा, डंगेडा,लमलैहड़ी अप्पर, समूरकलां में चुनावी सभाओं के दौरान भाजपा प्रत्याशी पर प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा प्रत्याशी ने पिछले चुनाव में 100 दिन के भीतर घर-घर पानी पहुंचाने के लोगों को मुंगेरी लाल के सपने दिखाए, लेकिन वे आजदिन तक अपने उस वादे को पूरा नहीं कर पाए हैं। भुटटो ने कहा कि 20 वर्षों से ये कुटलैहड़ की सत्ता संभाले हुए हैं, लेकिन आज दिन तक लोगों को मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने में नाकामयाब रहे हैं। लठियानी मंदली पुल भी इनका चुनावी मुद्दा रहा। डीपीआर बनी। आस-पास के लोगों को आस बंधी कि पुल बनेगा तो हमें सुविधा मिलेगी। जैसे ही चुनाव खत्म हुए। सब का सब ठंडे बस्ते में चला गया। कुटलैहड़ की जनता इनके झूठे वादों से त्रस्त हो चुकी है। अब कुटलैहड़ की जनता ने सत्ता परिवर्तन का मन बना लिया है। अब जनता इनके लुभावने वादों में आने वाली नहीं है। निःसंदेह जनता इन्हें बाहर का रास्ता अवश्य दिखाएगी। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि 12 नवम्बर को ईवीएम के बटन नम्बर एक के हाथ के पंजे के सामने वाला बटन दबाकर अपना पूरा आशीर्वाद दें। जिससे मैं कुटलैहड़ की सेवा के लिए तैयार हो सकूं। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस सचिव देसराज गौतम, विजय डोगरा, सुरेंद्र ठाकुर, शोभित गौतम, राम आसरा, जोगिंद्र सिंह, रणवीर राणा समेत काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।