राजा साहिब के सपनो को पुरा करने को भुट्टो को जिताएं …विक्रमादित्य
अग्रवाल
बंगाणा, 8 नवम्बर। हिमाचल के जिला ऊना कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के डंगोली में शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य ने कुटलैहड़ कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र भुटटो के पक्ष में चुनावी जनसभा के दौरान भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ने अपने कार्यालय में महज दो ही विधानसभा क्षेत्रों का विकास करवाया और बाकियों की अनदेखी की गई है। मेरे पिता जी स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह का कुटलैहड़ और यहां की जनता के साथ विशेष लगाव था और ये लगाव आगे भी बरकरार रहेगा। बस, आप कांग्रेस के तेज-तर्रार प्रत्याशी देवेंद्र भुटटो को भारी मतों से विधानसभा भेजें। कुटलैहड़ के विकास को पंख लगाना कांग्रेस का कार्य होगा। विक्रमादित्य ने कहा कि जयराम सरकार में कुटलैहड़ के विधायक एवम मंत्री जिनके पास चार-चार मंत्रालय हैं, के बावजूद विकास को गति प्रदान नहीं कर पाए हैं। आज दिन तक युवाओं के लिए न रोजगार के द्वार खोल पाए और न ही कुटलैहड़ को पर्यटन की दृष्टि से विकसित कर पाए हैं। विक्रमादित्य ने कहा कि प्रदेश सरकार की गलत नीतियों के कारण प्रदेश में बेरोज़गार युवाओं की फौज खड़ी हो गई है। छोटे से राज्य हिमाचल प्रदेश में बेरोज़गार युवाओं की संख्या 10-12 लाख है। प्रदेश कर्जे के बोझ से दबा है।प्रदेश में कांग्रेस की लहर चली है और अब कांग्रेस की सरकार बनना तय है। कांग्रेस सरकार बनते ही 10 दिन के अंदर ओ पी एस बहाल किया जाएगा , युवाओं के लिए रोज़गार , 18 वर्ष से ऊपर की महिलाओं को हर महीने 1500 ₹ दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पाँच साल सिर्फ़ धर्मपुर और सराज में नौकरियां और विकास किया है जबकि वोट प्रदेश के विकास के नाम पर लिए थे। विक्रमादित्य ने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में माफिया सक्रिय है। जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है। गुंडाराज व्याप्त है। रिश्तेदारों और चमचों का विकास करवाया जा रहा है। अब वो दिन दूर नहीं है, जब इन सभी से कुटलैहड़ के लोगों को मुक्ति मिलेगी। जनता से निवेदन है कि भुटटो को अपना आशीर्वाद दें, जिससे विधायक के रूप में ये कुटलैहड़ में विकास की गति को तेज कर सकें।
प्रदेश कांग्रेस सचिव देसराज गौतम,देश राज मोदगिल, विजय डोगरा, सुरेंद्र ठाकुर, शोभित गौतम, राम आसरा, जोगिंद्र सिंह,प्रवीण पादा, रणवीर राणा, अंकित समेत काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।