स्टेडियम में महिला खिलाड़ी की आबरू पर डाला हाथ, विरोध करने पर छत से फेंका
प्रथम न्यूज । मोगा, 19 अगस्त (ब्यूरो):
पंजाब के मोगा जिले में 18 साल की बास्केटबॉल खिलाड़ी के साथ तीन युवकों ने कथित रूप से बलात्कार करने की कोशिश की और उसे स्टेडियम की छत से धक्का दे दिया, जिसके चलते युवती के शरीर के कई अंगों में फ्रैक्चर हो गया। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि खिलाड़ी को लुधियाना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके दोनों पैरों और जबड़े में आई चोटों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि घटना 12 अगस्त को हुई थी और तब से तीनों आरोपी फरार हैं। पीड़िता के पिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, उनकी बेटी अभ्यास करने के लिए मोगा स्थित एक स्टेडियम में गई थी, जहां जतिन कांडा नामक एक आरोपी ने स्टेडियम में खिलाड़ी के साथ बलात्कार करने की कोशिश की। जब उसने इसका विरोध किया और भागने की कोशिश की, तो कांडा ने उसे कथित रूप से करीब 25 फुट की ऊंचाई से धक्का दे दिया जिसके बाद उसे शरीर के कई अंगों में गंभीर चोटें आईं। कांडा और उसके दो साथियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या की कोशिश) और 376 (बलात्कार) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मोगा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गुलनीत खुराना ने गुरुवार को बताया कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। किसी महिला खिलाड़ी संग ऐसी घटना पहली बार नहीं हुई है। इससे पहले इस महीने की शुरुआत में एक किशोर ने नाबालिग महिला फुटबॉलर को अपने घर में बुलाकर उसका दुष्कर्म किया था। यह घटना झारखंड की राजधानी रांची की है, जहां महिला खिलाड़ी ओड़िशा के खिलाफ फुटबॉल मैच खेलकर घर लौटी थी। यहां किशोर ने उसे फोन किया और उसे अपने घर पर बुलाया। इसके बाद आरोपी ने महिला फुटबॉलर को उसके मामा के यहां छोड़ दिया। यहां उससे उसके परिजनों ने पूछताछ की तो उन्हें इसके बारे में पता चला। बाद में उन्होंने इसके बारे में पुलिस शिकायत कराई, जिसके बाद आरोपियों को टेक्निकल सेल की मदद से पकड़ा गया है। बता दें कि पीड़िता ने जब पुलिस को इस घटना के बारे में बताया तो उसने यह बात छिपाई कि किशोर संग उसकी दोस्ती थी। उसने बताया कि रांची पहुंचने के बाद वह जिस ऑटो में बैठी थी, उसमें बैठे पांच युवकोंं ने उसका किडनैप कर लिया।