Homeराष्ट्रीय50 करोड़ रुपये की हेरोइन के साथ महिला समेत तीन तस्कर गिरफ्तार

50 करोड़ रुपये की हेरोइन के साथ महिला समेत तीन तस्कर गिरफ्तार

पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए मंगवाई गई थी खेप

श्रीगंगानगर (पुनीत महाजन) : श्रीगंगानगर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 किलो 419 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 50 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई में एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद हेरोइन पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से भारत भेजी गई थी।
पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान पंजाब नंबर की एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान कार सवार तस्करों ने पुलिस वाहन को टक्कर मारकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धर्मेंद्र सिंह उर्फ बाबू निवासी लुधियाना (पंजाब) और जसविंदर सिंह उर्फ जस्सी निवासी सलेमपुरा समेजा कोठी के रूप में हुई है। इनके कब्जे से 9 किलो 908 ग्राम हेरोइन और 1 लाख 40 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। तस्करी में प्रयुक्त कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
इसी कार्रवाई के दौरान समेजा पुलिस ने नवजोत कौर उर्फ ज्योति को सलेमपुरा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 511 ग्राम हेरोइन और 21,200 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई हेरोइन की खेप को कब्जे में लेने और आगे सप्लाई करने की तैयारी में थे। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।
श्रीगंगानगर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments