बेटियों ने फिर मारी बाजी : लडक़ों से 6.52 फीसदी ज्यादा रहा छात्राओं का पास प्रतिशत
ग्रामीण प्रतिभा का दिखा दम : शहरों को पछाड़ गांव के 84.98 प्रतिशत विद्यार्थी हुए पास
चंडीगढ़ (एएम नाथ)- हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी द्वारा मंगलवार को 12वीं कक्षा का वार्षिक परीक्षा-2026 के परिणामों की घोषणा कर दी गई। भिवानी स्थित हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डा. पवन कुमार ने परिणामों से संबंधित आंकड़े साझा किए। इस बार के परिणामों में एक बार फिर प्रदेश की बेटियों ने अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए लड़कों को पीछे छोड़ दिया है।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डा. पवन कुमार ने कहा कि इस वर्ष की परीक्षा में कुल 2 लाख 42 हजार 856 परीक्षार्थी प्रविष्ट हुए थे, जिनमें से 2 लाख 5 हजार 618 परीक्षार्थियों ने सफलता हासिल की। उन्हों बताया कि परीक्षा परिणाम 84.67 प्रतिशत रहा। जिसमें छात्र पास प्रतिशत 87.97 प्रतिशत रहा, जबकि छात्रों का पास प्रतिशत 81.45 प्रतिशत दर्ज किया गया। इस प्रकार बेटियों ने बटा फा तुलना में 6.52 प्रतिशत अधिक परिणाम देकर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के जिलों में चरखी दादरी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे हरियाणा में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं जिला नूंह इस सूची में सबसे निचले पायदान पर रहा। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच भी कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, जहां ग्रामीण क्षेत्रों का पास प्रतिशत 84.98 प्रतिशत रहा, जो शहरी क्षेत्रों द्वारा हासिल किया गया 83.91 प्रतिशत से थोड़ा बेहतर है।
डा. पवन कुमार ने आगे बताया कि प्राइवेट स्कूल की पास प्रतिशतता 87.94 रही, जबकि राजकीय स्कूलों की 82.44 प्रतिशत रही। दोनों ही प्रकार के विद्यालयों के बेहतर परिणामों ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में सुधार के सकारात्मक संकेत दिए हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि शिक्षा बोर्ड द्वारा हरियाणा मुक्त विद्यालय के नतीजे भी घोषित किए गए। फ्रेश श्रेणी के परीक्षार्थियों का परिणाम 42.15 प्रतिशत रहा, जबकि रि-अपीयर श्रेणी का परिणाम 50.09 प्रतिशत दर्ज किया गया। मुक्त विद्यालय में भी छात्राओं ने 11.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ छात्रों को पीछे छोड़ा है।
डा. पवन कुमार ने सफल परीक्षार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह परिणाम शिक्षकों और बच्चों की कड़ी मेहनत का प्रतिफल है। उन्होंने यह भी कहा कि जो परीक्षार्थी अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, उनके लिए पुनः जांच और पुनर्मूल्यांकन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इच्छुक परीक्षार्थी परिणाम घोषित होने की तिथि से 20 दिन के भीतर बोर्ड की वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट बीएसईएच डॉट ओआरजी डॉट इन पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

