हमास कमांडर को बनाया निशाना, सात अक्तूबर का मास्टर माइंड था अल-हद्दाद
गाजा (एजेंसी)- गाजा सिटी में अचानक इजरायल ने हमला कर दिया। इजरायल ने एक के बाद एक कई एयरस्ट्राइक करते हुए हमास के सबसे बड़े सैन्य कमांडर इज्ज अल-दीन अल-हद्दाद को निशाना बनाया। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज के संयुक्त बयान में कहा गया कि हद्दाद हमले का मुख्य टारगेट था, लेकिन उसकी हालत को लेकर अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, इन हमलों में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।
रिपोर्ट के अनुसार, एक मिसाइल गाजा सिटी के अल-रिमाल इलाके में एक रिहायशी इमारत पर गिरी, जबकि दूसरी स्ट्राइक पास की सडक़ पर एक वाहन को निशाना बनाकर की गई। घायलों को तुरंत अल-शिफा अस्पताल में भर्ती कराया गया। इजरायल का दावा है कि अल-हद्दाद वही शख्स है, जिसने सात अक्तूबर, 2023 को हुए हमास हमले की प्लानिंग में अहम भूमिका निभाई थी। यह सात अक्तूूबर के हमले का आखिरी साजिशकर्ता है।
ट्रंप की बात मानने से किया था इनकार
इजरायली सरकार ने यह भी आरोप लगाया है कि अल-हद्दाद ने अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पहल पर बने उस समझौते को मानने से इनकार कर दिया था, जिसमें हमास को निरस्त्र करने और गाजा को सैन्य गतिविधियों से मुक्त करने की बात कही गई थी। यह हमला ऐसे वक्त हुआ है, जब गाजा में युद्धविराम को लेकर बातचीत अटकी हुई है और दोनों पक्षों के बीच तनाव लगातार बना हुआ है। हालात पहले से ही बेहद नाजुक थे, और इस ताजा कार्रवाई ने माहौल को और ज्यादा गरमा दिया है।

