Homeपंजाबमहंगाई का विरोध : बैलगाड़ी पर वोट डालने पहुंचे पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष...

महंगाई का विरोध : बैलगाड़ी पर वोट डालने पहुंचे पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग

पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर कांग्रेस का प्रदर्शन तेज, कहा, आम आदमी गाड़ी चलाए या घर चलाए

प्रथम न्यूज। श्री मुक्तसर साहिब (ब्यूरो)- पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग मंगलवार को पत्नी अमृता वडिंग के साथ बैलगाड़ी पर सवार होकर श्री मुक्तसर साहिब के वार्ड नंबर पांच में मतदान करने पहुंचे। पंजाब कांग्रेस प्रधान ने यह कदम पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में सांकेतिक प्रदर्शन के तौर पर उठाया। मतदान केंद्र तक बैलगाड़ी में पहुंचने पर लोगों और कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट गई और यह दृश्य चर्चा का विषय बन गया।
राजा वड़िंग ने कहा कि देश में पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम आदमी की जिंदगी प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि हालात ऐसे बन गए हैं कि लोगों को अपने वाहन घरों में खड़े करने पड़ रहे हैं। जिन परिवारों की आय सीमित है, उनके सामने घर का खर्च चलाने और वाहन चलाने में से किसी एक को चुनने की मजबूरी पैदा हो रही है।
उन्होंने बताया कि पंजाब में पेट्रोल की कीमत औसतन 105.44 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.38 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच चुका है। उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को केवल चुनाव जीतने के लिए नहीं चुना गया, बल्कि जनता की समस्याओं का समाधान करने की जिम्मेदारी भी सरकार की है।
राजा वड़िंग ने कहा कि बीते दस दिनों में ईंधन की कीमतों में चौथी बार बढ़ोतरी हुई है, जिसका असर अब आम जरूरत की वस्तुओं पर भी दिखाई देने लगा है। उन्होंने चेतावनी दी कि ट्रांसपोर्ट महंगा होने से सब्जियों, राशन और अन्य जरूरी सामानों के दाम भी बढ़ सकते हैं।
पंजाब कांग्रेस प्रधान ने ऐलान किया कि कांग्रेस पार्टी देशभर और पंजाब में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ बड़े स्तर पर प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि महंगाई के मुद्दे पर कांग्रेस जनता की आवाज बुलंद करती रहेगी और सरकार पर दबाव बनाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments