Thursday, June 11, 2026

Contact Us For Advertisement please call at :
+91-97796-00900

Homeचम्बाबेटियां आत्मनिर्भर बनें और सपने साकार करें : मनोहर नाथ

बेटियां आत्मनिर्भर बनें और सपने साकार करें : मनोहर नाथ

पीएम श्री सीनियर सेकेंडरी स्कूल तीसा में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जागरूकता शिविर में छात्राओं को किया गया जागरूक

छात्राओं को मासिक धर्म, महिला अधिकार और सरकारी योजनाओं पर दी विस्तृत जानकारी

तीसा (एएम नाथ)- पीएम श्री सीनियर सेकेंडरी स्कूल तीसा में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के अंतर्गत एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) श्रीमती वीना देवी ने की। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला अधिकारों तथा सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था।
अपने संबोधन में जिला मिशन समन्वयक मनोहर नाथ ने कहा कि आज की बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उनमें अपार प्रतिभा और संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान का मुख्य उद्देश्य बेटियों को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और सशक्त बनाना है, ताकि वे अपने सपनों को साकार कर समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें। उन्होंने बताया कि ‘अपराजिता मैं चम्बा की’ अभियान जिला प्रशासन की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से बालिकाओं को समान अवसर प्रदान करने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
सीडीपीओ वीना देवी ने
छात्राओं को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की अनेक योजनाएं बालिकाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए समर्पित हैं तथा उनका लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है।
वृत पर्यवेक्षक पूजा कुकरेजा ने छात्राओं को महिलाओं के अधिकारों, लैंगिक समानता तथा घरेलू हिंसा से संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं को सखी वन स्टॉप सेंटर में उपलब्ध सहायता और सुविधाओं की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि संकट की स्थिति में महिलाएं इन सेवाओं का लाभ उठा सकती हैं।
मनोहर नाथ ने किशोरियों से मासिक धर्म के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने मासिक धर्म से जुड़ी सामाजिक कुरीतियों और भ्रांतियों पर प्रकाश डालते हुए वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता बताई। साथ ही सेनेटरी पैड के सुरक्षित निष्पादन, स्वच्छता संबंधी सावधानियों तथा मासिक धर्म के दौरान संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व पर भी विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल-फ्री नंबर की जानकारी भी प्रदान की गई।
शिविर में वृत पर्यवेक्षक रीता देवी, अध्यापक अनिल कुमार, राजेश सहित लगभग 250 छात्राओं और अध्यापकों ने भाग लेकर विभिन्न विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम को प्रतिभागियों ने ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments