भागने की कोशिश में दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, जम्मू से लाए जा रहे थे आरोपी, धनास में हादसे के बाद हुआ एनकाउंटर
चंडीगढ़ में हाई-प्रोफाइल हत्याकांड के आरोपी दबोचे, फरार तीसरे शूटर की तलाश जारी
चंडीगढ़ (पुनीत महाजन)- सेक्टर-11 स्थित कुमार मेडिकल स्टोर के कैशियर जानकी दास हत्याकांड में गिरफ्तार दो आरोपियों को चंडीगढ़ लाते समय पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए पीजीआई में भर्ती कराया गया है। मामले को लेकर चंडीगढ़ पुलिस दोपहर 12 बजे प्रेस वार्ता कर विस्तृत जानकारी देगी।
पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन सेल की क्राइम ब्रांच ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के सहयोग से हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों सनी और आर्यन को राजौरी क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। दोनों को बुधवार देर रात जम्मू से चंडीगढ़ लाया जा रहा था। इसी दौरान धनास के पास पुलिस वाहन चालक को झपकी आने से गाड़ी सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई।
हादसे का फायदा उठाकर वाहन में पीछे बैठे दोनों आरोपियों ने भागने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने उन्हें रुकने की चेतावनी दी, लेकिन वे नहीं माने। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने एक कांस्टेबल से पिस्तौल छीन ली और फायरिंग कर दी। इस दौरान एक आरोपी ने जांच टीम का नेतृत्व कर रहे इंस्पेक्टर पर भी गोली चलाई, हालांकि वह बाल-बाल बच गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों आरोपियों के पैरों में गोली मारकर उन्हें काबू कर लिया।
जांच में सामने आया है कि हत्याकांड में कुल तीन आरोपी शामिल थे। दो आरोपियों ने जानकी दास पर गोलियां चलाई थीं, जबकि तीसरा आरोपी बाइक पर इंतजार कर रहा था। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी सेक्टर-52 क्षेत्र में पहुंचे, जहां उन्होंने कपड़े बदले और ऑटो के जरिए सेक्टर-43 बस अड्डे पहुंचे। वहां से वे बस से दिल्ली और बाद में ट्रेन के माध्यम से जम्मू-कश्मीर फरार हो गए।
पुलिस का कहना है कि वारदात में गोली चलाने वाला मुख्य आरोपी अभी भी फरार है। उसके ट्राईसिटी क्षेत्र से जुड़े कुछ अहम सुराग मिले हैं और उसकी तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वहीं, मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में चंडीगढ़ पुलिस के पांच कर्मियों, जिनमें तीन महिला कर्मचारी भी शामिल हैं, को निलंबित किया गया है। पुलिस को उम्मीद है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



