जनभागीदारी से तैयार होगा 20 वर्षों का विकास रोडमैप
विधायक बनेंगे ‘विजन चैंपियन’, 2047 तक विकसित राज्य बनाने का लक्ष्य
चंडीगढ़ (एएम नाथ)- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत-2047’ संकल्प को साकार करने के लिए राज्य सरकार ने ‘विकसित हरियाणा-2047’ अभियान शुरू किया है। इस दिशा में सभी विधायकों के साथ आयोजित बैठक में ‘मेरी विकसित विधानसभा’ थीम पर विस्तृत चिंतन किया गया। मुख्यमंत्री ने चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि विकसित हरियाणा की नींव प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि अगले 20 वर्षों के लिए राज्य का व्यापक विकास रोडमैप तैयार किया जा रहा है। इसके तहत प्रत्येक विधायक अपने क्षेत्र का ‘विजन चैंपियन’ बनकर स्थानीय समस्याओं, संभावनाओं और विकास की प्राथमिकताओं की पहचान करेगा तथा कार्ययोजना तैयार करेगा। जुलाई और अगस्त में विधायक अपने क्षेत्रों में जनसंवाद कर किसानों, युवाओं, महिलाओं, उद्योगों, स्वयं सहायता समूहों और सामाजिक संगठनों से सुझाव लेंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2047 तक हरियाणा की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर से अधिक, प्रति व्यक्ति आय को 40 लाख रुपये से ऊपर, महिला श्रम भागीदारी को 45 प्रतिशत और महिला साक्षरता को 100 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, रोजगार, जल संरक्षण और स्वच्छ पेयजल जैसे क्षेत्रों पर विशेष फोकस रहेगा।
उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी, 100 प्रतिशत टीकाकरण, नवीकरणीय ऊर्जा की हिस्सेदारी 70 प्रतिशत से अधिक करने तथा हर घर तक सुरक्षित पेयजल पहुंचाने के लक्ष्य भी निर्धारित किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘विकसित हरियाणा-2047’ एक दीर्घकालिक जनभागीदारी आधारित विकास अभियान है, जिसकी प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरुण कुमार गुप्ता, मुख्यमंत्री के ओएसडी डॉ. राज नेहरू, ओएसडी श्री वीरेंद्र सिंह बड़खालसा, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के अतिरिक्त निदेशक कैप्टन मनीष कुमार लोहान तथा मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव श्री प्रवीन अत्रे भी मौजूद थे।

