Wednesday, May 13, 2026

Contact Us For Advertisement please call at :
+91-97796-00900

HomeगुरदासपुरGurdaspur : पंजाब के गुरदासपुर में दोहरे हत्याकांड से सनसनी, जमीन विवाद...

Gurdaspur : पंजाब के गुरदासपुर में दोहरे हत्याकांड से सनसनी, जमीन विवाद में भाई-भाभी की गोली मारकर हत्या

  • Gurdaspur के गांव नैनेकोट में जमीन विवाद में भाई ने भाई और भाभी की गोली मारकर हत्या कर दी।
  • नौ एकड़ जमीन को लेकर लंबे समय से चल रहा था विवाद।
  • आरोपी ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से वारदात को अंजाम दिया।
  • घटना के बाद आरोपी ने थाना काहनूवान में सरेंडर कर दिया।

प्रथम न्यूज | गुरदासपुर (ब्यूरो ) गुरदासपुर के थाना काहनूवान क्षेत्र के गांव नैनेकोट में जमीनी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। नौ एकड़ जमीन को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद में एक व्यक्ति ने अपने ही भाई और भाभी की लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, गांव नैनेकोट निवासी अजायब सिंह, अमरजीत सिंह और तरसेम सिंह तीनों भाई पहले टाटा नगर जमशेदपुर में रहते थे। करीब दो वर्ष पहले अजायब सिंह और अमरजीत सिंह गांव लौट आए थे और खेतीबाड़ी का काम संभाल रहे थे, जबकि तीसरा भाई तरसेम सिंह अभी भी जमशेदपुर में रह रहा है।

बताया जा रहा है कि पैतृक नौ एकड़ जमीन को लेकर दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार देर शाम करीब साढ़े आठ बजे अजायब सिंह गांव में टहल रहा था। इसी दौरान उसका भाई अमरजीत सिंह वहां पहुंचा और दोनों के बीच फिर से कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि अमरजीत सिंह ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकालकर अजायब सिंह पर गोलियां चला दीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

इसके बाद आरोपी अमरजीत सिंह सीधे अपने भाई के घर पहुंचा, जहां उसने अजायब सिंह की पत्नी कमल कौर को भी गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल कमल कौर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। एक ही परिवार में दो लोगों की हत्या से गांव में सनसनी फैल गई और लोग सहम गए।

घटना के बाद आरोपी खुद थाना काहनूवान पहुंच गया और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सबूत जुटाए।

मामले की जांच कर रहे डीएसपी कुलवंत सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे के सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है।

इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर पारिवारिक जमीन विवादों को लेकर बढ़ती हिंसा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments