अनूपपुर (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलट जाने से बड़ा सड़क हादसा हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और राहत-बचाव कार्य तत्काल शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करणपथार थाना क्षेत्र के बिजौरा गांव के पास यह हादसा हुआ। ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 50 ग्रामीण सवार थे, जो पदमनिया गांव से बिजौरा गांव में आयोजित धार्मिक पूजा-अर्चना में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ मरकाम ने बताया कि हादसा इतना भीषण था कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और उमरिया मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। कई घायलों की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं। साथ ही राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
इस दुखद हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है और मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

