Thursday, May 14, 2026

Contact Us For Advertisement please call at :
+91-97796-00900

Homeजालंधरजालंधर बीएसएफ चौक धमाका: दिल्ली से पकड़े गए आरोपी ने खोले राज,...

जालंधर बीएसएफ चौक धमाका: दिल्ली से पकड़े गए आरोपी ने खोले राज, सिम कॉल से हुआ था ब्लास्ट

प्रथम न्यूज | जालंधर (ब्यूरो ) जालंधर में बीएसएफ मुख्यालय के बाहर हुए धमाके की जांच अब बड़े नेटवर्क की ओर इशारा कर रही है। दिल्ली से गिरफ्तार किए गए उत्तर प्रदेश निवासी अनिल शर्मा से पूछताछ में पुलिस और जांच एजेंसियों को कई अहम सुराग मिले हैं। सूत्रों के अनुसार इस मामले में एक और संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी अब भी फरार बताया जा रहा है। माना जा रहा है कि जल्द ही पंजाब पुलिस के डीजीपी इस पूरे मामले का खुलासा कर सकते हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विस्फोटक सामग्री अमृतसर बॉर्डर क्षेत्र से लाई गई थी। आरोपित को निर्देश दिए गए थे कि वह जालंधर के बीएसएफ चौक के पास एक बॉक्स रखे। जांच एजेंसियों को शक है कि उसी बॉक्स में आईईडी तैयार की गई थी, जिसमें सिम कार्ड फिट किया गया था। जैसे ही उस सिम पर कॉल की गई, जोरदार धमाका हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी जालंधर से फरार होकर दिल्ली पहुंच गया, जहां पुलिस ने तकनीकी निगरानी और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसे दबोच लिया।

जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि इस साजिश में एक से अधिक लोग शामिल थे। पुलिस के हाथ लगी सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल पर दूसरे आरोपी को घटनास्थल से भगाते हुए दिखाई दिया है। बीएसएफ चौक के पास शराब ठेके के बाहर लगे कैमरों में आरोपितों की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई थीं। इन्हीं फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर दिल्ली में दबिश दी।

सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी वारदात के तुरंत बाद सीधे दिल्ली नहीं गया था, बल्कि कई अलग-अलग स्थानों पर छिपता रहा। इस दौरान वह लगातार कई लोगों के संपर्क में था। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इसके पीछे कोई आतंकी संगठन, सीमा पार नेटवर्क या संगठित मॉड्यूल सक्रिय तो नहीं है।

पुलिस विस्फोटक तैयार करने वालों, आर्थिक मदद पहुंचाने वालों और लॉजिस्टिक सपोर्ट देने वाले लोगों की भी तलाश कर रही है। जांच के दायरे में मोबाइल कॉल डिटेल, सोशल मीडिया कनेक्शन और संदिग्धों के डिजिटल रिकॉर्ड भी शामिल किए गए हैं। वहीं घटना के बाद जालंधर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। बीएसएफ मुख्यालय समेत संवेदनशील इलाकों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और कई स्थानों पर तलाशी अभियान जारी है।

सुरक्षा एजेंसियों को उम्मीद है कि गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ के जरिए पूरे नेटवर्क और इस साजिश के मास्टरमाइंड तक पहुंचने में बड़ी सफलता मिल सकती है। फिलहाल पुलिस आधिकारिक तौर पर ज्यादा जानकारी साझा करने से बच रही है, लेकिन जांच तेजी से आगे बढ़ रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments