-पंजाब में बैंक गारंटी और सट्टा ऐप कनेक्शन पर ED का शिकंजा, दुबई लिंक की भी जांच
-पंजाब में ED की बड़ी कार्रवाई: पावरकॉम अधिकारियों से पूछताछ, करोड़ों के लेन-देन पर नजर
प्रथम न्यूज। चंडीगढ़/लुधियाना (ब्यूरो)- पंजाब में बिजली विभाग और कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ा मामला अब गंभीर मोड़ लेता दिखाई दे रहा है। ताजा जानकारी के अनुसार, पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पावरकॉम) के सीएमडी बसंत गर्ग और हरशरण कौर त्रेहन को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार को रिकॉर्ड सहित पूछताछ के लिए तलब किया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह मामला एक निजी कंपनी को कथित तौर पर नियमों के विपरीत बैंक गारंटी वापस किए जाने से जुड़ा है। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इस फैसले से सरकारी खजाने को आर्थिक नुकसान पहुंचा हो सकता है। मामले में पूर्व बिजली मंत्री संजीव अरोड़ा का नाम भी चर्चा में बताया जा रहा है, हालांकि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
बताया जा रहा है कि ED इस पूरे प्रकरण में प्रशासनिक फैसलों, वित्तीय लेन-देन और संबंधित दस्तावेजों की विस्तार से जांच कर रही है। बसंत गर्ग इससे पहले जालंधर नगर निगम के कमिश्नर रह चुके हैं और बाद में एक केंद्रीय राज्य मंत्री के निजी सचिव (PS) के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।
इसी बीच, लुधियाना में हाल ही में हुई छापेमारी को लेकर भी नए खुलासे सामने आए हैं। सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई एक कथित सट्टा ऐप नेटवर्क से जुड़ी हुई है, जिसके तार पंजाब से लेकर दुबई और यूनाइटेड किंगडम तक जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क के विदेशी कनेक्शन और हवाला जैसी संभावित गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही हैं।
सूत्रों के मुताबिक, इस कथित नेटवर्क के जरिए रोजाना दो से तीन करोड़ रुपये तक का लेन-देन हो रहा था। जिन ठिकानों पर छापेमारी की गई, वहां से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड मिलने की बात भी कही जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि कारोबार से जुड़े एक व्यक्ति का पार्टनर यूके में मौजूद है, जबकि नेटवर्क से संबंधित कई बैठकें दुबई में आयोजित होने की आशंका है।
इसके अलावा, इस व्यवसाय से जुड़े एक प्रमुख कारोबारी को पहले धमकियां मिलने की सूचना भी सामने आई है, जिसे जांच एजेंसियां पूरे मामले से जोड़कर देख रही हैं। ED और अन्य एजेंसियां अब वित्तीय ट्रेल, बैंक खातों और विदेशी लेन-देन की गहन जांच में जुटी हुई हैं।
फिलहाल, पावरकॉम अधिकारियों को तलब किए जाने और लुधियाना में हुई कार्रवाई के बाद पंजाब के प्रशासनिक और कारोबारी हलकों में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में जांच के दौरान कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं।


