पुखरी-मसरूंड मार्ग पर माणी जीरो (छतरूंड) के समीप अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो
चंबा (एएम नाथ)- हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में वीरवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। पुखरी-मसरूंड मार्ग पर माणी जीरो (छतरूंड) के समीप एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि वाहन में सवार सभी सात लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार बोलेरो (एचपी-01सी-2581) में ग्राम पंचायत महल के सपरोठ गांव के छह लोग सवार थे, जिनमें तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल थे। इनके अलावा वाहन चालक भी गाड़ी में मौजूद था। बताया जा रहा है कि सभी लोग काकड़ोथा गांव में आयोजित एक मुंडन संस्कार समारोह में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार छतरूंड के समीप पहुंचने पर अचानक वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे बोलेरो सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। वाहन कई सौ मीटर नीचे लुढ़कता चला गया, जिससे उसमें सवार किसी भी व्यक्ति को बचने का मौका नहीं मिला।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। दुर्घटनास्थल बेहद दुर्गम और गहरी खाई में होने के कारण बचाव अभियान चलाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद सभी शवों को खाई से बाहर निकाला गया।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।
सपरोठ पंचायत में मातम, मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
एक ही गांव और परिवार से जुड़े कई लोगों की मौत की खबर से सपरोठ पंचायत में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से संवेदनशील मार्गों पर सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।


