दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर बड़ा हादसा टला, 68 यात्री सुरक्षित निकाले गए
रतलाम के पास राजधानी एक्सप्रेस में आग से अफरा-तफरी, जांच शुरू
प्रथम न्यूज। नई दिल्ली (ब्यूरो)- त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस (12431) में रविवार सुबह अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यह हादसा दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर मध्य प्रदेश के आलोट-विक्रमगढ़ रेलवे स्टेशन के बीच हुआ। घटना सुबह करीब 5:15 बजे कोटा मंडल के लूणीरीछा-विक्रमगढ़ आलोट सेक्शन में हुई, जिससे रेल यातायात भी प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार राजधानी एक्सप्रेस रतलाम स्टेशन से रवाना होने के कुछ ही समय बाद हादसे का शिकार हो गई। सुबह लगभग 5:30 बजे ट्रेन के बी-1 कोच में आग लगने की सूचना मिली। गार्ड ने तत्काल लोको पायलट को सतर्क किया, जिसके बाद ट्रेन को तुरंत रोक दिया गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और यात्रियों में दहशत फैल गई। कई यात्री घबराकर कोचों से बाहर निकलने लगे।
रेलवे कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए करीब 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर अन्य कोचों में शिफ्ट किया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि आग की चपेट में आने से ट्रेन के दो कोच पूरी तरह जलकर खाक हो गए। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
यह क्षेत्र रेलवे के कोटा मंडल के अंतर्गत आता है। हादसे के कारण दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर रेल संचालन प्रभावित हो गया और कई ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा। रतलाम रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि रतलाम कंट्रोल को सुबह 5:20 बजे कोटा कंट्रोल से आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
घटना के बाद रतलाम से एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन और टावर वैगन को मौके के लिए रवाना किया गया। रतलाम मंडल के डीआरएम अश्वनी कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया। जिला प्रशासन और पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहे। रेलवे प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन तकनीकी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।


