उड़ान से ठीक पहले हुई घटना, विमान का पावर सिस्टम हुआ प्रभावित; यात्रियों को दूसरे विमान से अगरतला भेजा गया
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। अगरतला जाने के लिए तैयार खड़ी इंडिगो की एक फ्लाइट पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। उस समय विमान में 141 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
उड़ान से पहले बिजली गिरने से मची अफरा-तफरी
एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के अनुसार, शुक्रवार सुबह कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश, आंधी और गरज के साथ खराब मौसम बना हुआ था। मौसम को देखते हुए एयरपोर्ट ऑपरेशन्स कंट्रोल सेंटर पहले ही अलर्ट पर था। इसी दौरान सुबह करीब 9:30 बजे अगरतला जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट उड़ान भरने की तैयारी में थी कि अचानक उस पर आकाशीय बिजली गिर गई।
बिजली गिरने के बाद विमान का पावर सिस्टम प्रभावित हो गया और केबिन की लाइटें कुछ समय के लिए बंद हो गईं। इससे यात्रियों में कुछ देर के लिए घबराहट का माहौल बन गया, हालांकि चालक दल ने स्थिति को शांतिपूर्वक संभाल लिया।
सुरक्षा के मद्देनजर सभी यात्रियों को उतारा गया
घटना के तुरंत बाद एयरलाइन ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए सभी 141 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित विमान से बाहर निकाला। इसके बाद इंजीनियरों की टीम ने विमान की विस्तृत तकनीकी जांच शुरू की ताकि किसी भी संभावित जोखिम का आकलन किया जा सके।
दूसरे विमान से रवाना हुई उड़ान
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इंडिगो ने तत्काल एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की। सुबह निर्धारित समय पर रवाना होने वाली फ्लाइट तकनीकी जांच के कारण विलंबित हुई और दोपहर करीब 12:50 बजे अगरतला के लिए उड़ान भर सकी।
दो ग्राउंड स्टाफ का कराया गया मेडिकल चेकअप
इंडिगो के अनुसार, एहतियात के तौर पर घटना के दौरान ड्यूटी पर मौजूद दो ग्राउंड स्टाफ कर्मचारियों को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया था। जांच के बाद दोनों को स्वस्थ पाए जाने पर छुट्टी दे दी गई। वहीं, खराब मौसम के कारण कोलकाता और आसपास के इलाकों में हवाई और सड़क यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।

