3 साल की मासूम को उठाने की कोशिश, मां ने आरोपी को दबोचा
पुलिस की देरी पर भड़का परिवार, आरोपी को लोगों ने बांधकर सौंपा
प्रथम न्यूज। जालंधर (ब्यूरो)- पंजाब के जालंधर जिले में एक मां की सतर्कता और बहादुरी से 3 साल की बच्ची के कथित अपहरण की कोशिश नाकाम हो गई। घटना लांबड़ा थाना क्षेत्र के नाला पुल इलाके की बताई जा रही है। यहां नशे में धुत एक मजदूर ने बच्ची को उठाकर ले जाने की कोशिश की, लेकिन मां ने तुरंत साहस दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और अपनी बच्ची को सुरक्षित बचा लिया।
जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला अपनी तीन साल की बेटी को दवाई दिलाने के लिए सिविल अस्पताल जाने हेतु सड़क किनारे ऑटो का इंतजार कर रही थी। महिला का आरोप है कि एक संदिग्ध व्यक्ति काफी देर से उनका पीछा कर रहा था। जैसे ही वह बच्ची के साथ ऑटो में बैठने लगी, आरोपी ने पीछे से बच्ची के मुंह पर कपड़ा डाल दिया और उसे उठाने की कोशिश की ताकि बच्ची शोर न मचा सके।
महिला ने तुरंत स्थिति को भांप लिया और आरोपी को जोरदार थप्पड़ मारकर नीचे गिरा दिया। इसके बाद उसने बच्ची को आरोपी के चंगुल से छुड़ा लिया। शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और आरोपी को पकड़ लिया। लोगों ने उसके हाथ-पैर बांध दिए और पुलिस को सूचना दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पकड़े जाने पर आरोपी खुद को बचाने के लिए बहाने बनाने लगा। वह कहता रहा कि वह बच्ची को केवल टॉफी देने की कोशिश कर रहा था, लेकिन लोगों ने उसकी हरकत पर शक जताते हुए उसे भागने नहीं दिया। घटना के दौरान इलाके में काफी देर तक हंगामा होता रहा।
पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। महिला का आरोप है कि 100 और 112 नंबर पर कॉल करने के बावजूद पुलिस करीब सवा घंटे बाद मौके पर पहुंची। परिवार का कहना है कि आरोपी लोगों के सामने लगातार धमकी देता रहा कि वह जल्द ही बाहर आ जाएगा। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई, लेकिन उनका बयान तक दर्ज नहीं किया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

