40 साल बाद न्यूजीलैंड पहुंचे पीएम मोदी, एफटीए से व्यापार को नई उड़ान
ऑकलैंड में भव्य स्वागत, स्काई टॉवर तिरंगे की रोशनी से जगमगाया
ऑकलैंड (एजेंसी)- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी तीन देशों की यात्रा के अंतिम चरण में शुक्रवार को न्यूजीलैंड के ऑकलैंड पहुंचे, जहां उनका स्वागत न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने किया। लगभग 40 वर्षों के अंतराल के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का यह पहला न्यूजीलैंड दौरा है, जिसे दोनों देशों के संबंधों में एक नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है। हवाई अड्डे पर औपचारिक स्वागत के बाद दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई, जिसमें व्यापार, निवेश, शिक्षा, प्रौद्योगिकी, रक्षा और क्षेत्रीय सहयोग सहित कई अहम मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई।
वार्ता का सबसे महत्वपूर्ण पहलू प्रस्तावित भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) रहा। दोनों देशों ने इस समझौते को शीघ्र अंतिम रूप देने की प्रतिबद्धता जताई। समझौते के तहत भारत को निर्यात होने वाले न्यूजीलैंड के 57 प्रतिशत उत्पादों पर पहले ही दिन से शुल्क समाप्त करने का प्रस्ताव है। माना जा रहा है कि इससे द्विपक्षीय व्यापार को उल्लेखनीय गति मिलेगी और निवेश के नए अवसर भी खुलेंगे। साथ ही शिक्षा, उच्च प्रौद्योगिकी, नवाचार और रक्षा सहयोग को और मजबूत करने पर भी सहमति बनी।
प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में ऑकलैंड का प्रतिष्ठित स्काई टॉवर भारतीय तिरंगे के रंगों से रोशन किया गया, जिसने दोनों देशों की मित्रता का प्रतीकात्मक संदेश दिया। शहर में भारतीय समुदाय के लगभग 40 हजार लोगों ने उनके स्वागत की व्यापक तैयारियां कीं। यात्रा को देखते हुए ऑकलैंड में अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस के विशेष दस्तों, स्नाइपर्स और सुरक्षा एजेंसियों को प्रमुख स्थलों पर तैनात किया गया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह यात्रा केवल कूटनीतिक औपचारिकता नहीं, बल्कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देने के साथ भारत और न्यूजीलैंड के आर्थिक संबंधों को नई ऊंचाई तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकती है।


