गूंजे ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारे, प्रबंधक कमेटी ने पार्क का नाम शहीद भगत सिंह के नाम पर रखने का लिया फैसला, एक सप्ताह में लगेंगी चार फ्लड लाइटें।
बद्दी, 29 सितंबर (तारा) – नगर निगम बद्दी के वार्ड नंबर 12 के अंतर्गत शिवालिक नगर, झाड़माजरी में शिवालिक सोसायटी की ओर से शहीद-ए-आजम भगत सिंह की जयंती हर्षोल्लास और देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाई गई। इस अवसर पर शहीद भगत सिंह की प्रतिमा स्थापित कर उसका अनावरण किया गया और उपस्थित लोगों ने उन्हें पुष्पमालाएं अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान ‘इंकलाब जिंदाबाद’ और ‘शहीद भगत सिंह अमर रहें’ के नारों से पूरा शिवालिक नगर गूंज उठा। इस अवसर पर शिवालिक नगर के सेक्टर-3 स्थित पार्क का नाम अमर शहीद भगत सिंह के नाम पर रखने की मांग उठाई गई। प्रबंधक कमेटी ने इस मांग को तत्काल स्वीकार करते हुए पार्क का नाम शहीद भगत सिंह के नाम पर रखने का फैसला लिया। साथ ही एक सप्ताह के भीतर पार्क में चार फ्लड लाइटें लगाने की भी घोषणा की गई।
शिवालिक नगर प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष अच्छर पाल कौशल ने कहा कि यह दिन देश के महान स्वतंत्रता सेनानी और क्रांतिकारी भगत सिंह के साहस, बलिदान और उनके विचारों को याद करने के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह के आदर्श आज भी युवाओं को देशप्रेम, साहस और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में प्रबंधक कमेटी के उपाध्यक्ष राजेश भारद्वाज, कोषाध्यक्ष अमन बंसल, कार्यकारिणी सदस्य कश्मीरी बंसल, सतपाल शर्मा, सचिव रमेश कतना, बिटिया फाउंडेशन के संयोजक अभिषेक, आशा राजपूत, लक्की ठाकुर, सोहन लाल रघुवंशी, मीना गुप्ता, रचना, जॉनी, धर्मपाल, मनोज, राजू, तेजिंदर नेगी, मुनीम दहिया, सोहन लाल जट्ट, सुभाष यादव, चक्षु ठाकुर, चंचल शर्मा, अनु शर्मा, प्रियंका, शिवानी शर्मा, तुलसी ठाकुर, हरबंस ठाकुर और दीपा शर्मा सहित अन्य निवासी उपस्थित रहे।
शिवालिक नगर निवासियों ने पार्क का नामकरण और फ्लड लाइटें लगाने की मांग स्वीकार करने पर प्रबंधक कमेटी का आभार जताया तथा भविष्य में सामाजिक कार्यक्रमों में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।
अगले वर्ष बड़े स्तर पर मनेगी जयंती, रक्तदान शिविर भी लगेगा
शिवालिक सोसायटी के अध्यक्ष अच्छर पाल कौशल ने घोषणा की कि आगामी वर्ष शहीद भगत सिंह की जयंती को और भी बड़े स्तर पर मनाया जाएगा। इस अवसर पर रक्तदान शिविर आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।
उन्होंने बताया कि शिवालिक सोसायटी क्षेत्र में सामाजिक कार्यों के लिए हमेशा अग्रणी रही है। सोसायटी रक्तदान शिविर, पौधारोपण, श्मशान घाट के निर्माण में सहयोग, गरीब परिवारों की बेटियों की शादी में सहायता और प्रतिभाशाली बच्चों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सहयोग जैसे कार्य करती रही है। इसके अलावा सामाजिक, धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में भी सोसायटी सक्रिय भूमिका निभाती है।



