Saturday, May 30, 2026

Contact Us For Advertisement please call at :
+91-97796-00900

Homeखेलएशियन गेम्स ट्रायल में बड़ा उलटफेर: मीनाक्षी गोयत ने विनेश फोगाट को...

एशियन गेम्स ट्रायल में बड़ा उलटफेर: मीनाक्षी गोयत ने विनेश फोगाट को हराकर फाइनल में बनाई जगह

नई दिल्ली। एशियन गेम्स चयन ट्रायल में शनिवार को बड़ा उलटफेर देखने को मिला। देश की अनुभवी और स्टार महिला पहलवान विनेश फोगाट को महिलाओं के 53 किलोग्राम भारवर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में युवा पहलवान मीनाक्षी गोयत के हाथों 6-4 से हार का सामना करना पड़ा। इस जीत के साथ मीनाक्षी ने फाइनल में प्रवेश कर लिया, जबकि विनेश के सीधे चयन की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है।

दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित ट्रायल्स में विनेश फोगाट की मैट पर वापसी को लेकर काफी चर्चा थी। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें 53 किलोग्राम वर्ग में हिस्सा लेने की अनुमति मिली थी और उन्हें खिताब की प्रबल दावेदार माना जा रहा था।

विनेश ने अपने अभियान की शुरुआत शानदार अंदाज में की। पहले मुकाबले में उन्होंने हरियाणा की ज्योति को 7-1 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। इसके बाद दूसरे मुकाबले में उनका सामना निशु से हुआ, जो बेहद रोमांचक रहा। निर्धारित समय तक स्कोर 6-6 की बराबरी पर रहा, लेकिन तकनीकी आधार पर विनेश को विजेता घोषित किया गया।

इस मुकाबले में रेफरी के एक फैसले को लेकर विवाद भी देखने को मिला। निशु की ओर से किए गए टेकडाउन प्रयास पर अंक नहीं मिलने के बाद उनके कोच ने निर्णय को चुनौती दी, लेकिन रिव्यू में भी फैसला बरकरार रहा। हार से निराश निशु ने मैच के बाद अपनी नाराजगी भी जाहिर की।

सेमीफाइनल में हालांकि मीनाक्षी गोयत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबले की शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी। युवा पहलवान ने अपनी फुर्ती और तकनीक के दम पर विनेश को लगातार दबाव में रखा। विनेश ने वापसी की कोशिश की, लेकिन मीनाक्षी ने संयमित खेल दिखाते हुए 6-4 से जीत दर्ज कर ली।

मीनाक्षी गोयत की इस जीत को ट्रायल्स का सबसे बड़ा उलटफेर माना जा रहा है। वहीं विनेश फोगाट की हार ने उनके समर्थकों और कुश्ती प्रेमियों को हैरान कर दिया है। अब सभी की नजरें फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां मीनाक्षी एशियन गेम्स के लिए अपनी दावेदारी और मजबूत करने उतरेंगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments