45 डिग्री के करीब पहुंचा तापमान
चंडीगढ़/पंजाब: पंजाब में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश जिलों में अगले तीन दिनों तक हीट वेव (लू) चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार इस दौरान अधिकतम तापमान में और वृद्धि हो सकती है, जिससे लोगों को तेज गर्मी और उमस का सामना करना पड़ेगा।
हालांकि, 11 जून से मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कुछ इलाकों में तेज हवाएं और धूलभरी आंधियां चल सकती हैं, जिससे तापमान में हल्की गिरावट दर्ज होने की संभावना है। 12 और 13 जून को भी मौसम अपेक्षाकृत राहत भरा रह सकता है।
रविवार को पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक रहा। बठिंडा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इसके अलावा फरीदकोट में 42.5 डिग्री, अबोहर में 42.2 डिग्री और लुधियाना में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान में भी लगभग 1 डिग्री की वृद्धि देखी गई। गुरदासपुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और बच्चों तथा बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। वहीं, कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई, लेकिन इससे गर्मी से कोई खास राहत नहीं मिली।

