प्रथम न्यूज। नई दिल्ली (ब्यूरो) देश में रसोई गैस यानी एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी की गई है, जिससे आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है। सरकारी ईंधन कंपनियों ने 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये प्रति सिलेंडर का इजाफा किया है। नई दरें सात जून से लागू हो गई हैं, जिसके बाद दिल्ली में एक सिलेंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है।
यह पिछले तीन महीनों में दूसरी बार कीमतों में वृद्धि है। इससे पहले सात मार्च को एलपीजी सिलेंडर के दामों में 60 रुपये की बड़ी बढ़ोतरी की गई थी। लगातार बढ़ती कीमतों के पीछे वैश्विक ऊर्जा बाजार में अस्थिरता को प्रमुख कारण माना जा रहा है।

