प्रथम न्यूज | होशियारपुर (ब्यूरो ) – पंजाब के होशियारपुर जिले में शुक्रवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया, जब खेलते समय एक तीन वर्षीय बच्चा गहरे बोरवेल में गिर गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पंजाब पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार, बच्चा अपने घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह खुले बोरवेल में जा गिरा। बच्चे की पहचान गुरकरण के रूप में हुई है। घटना शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है।
बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए करीब 9 घंटे तक लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। आखिरकार रात करीब 12:40 बजे बचाव दल ने बच्चे को सकुशल बाहर निकाल लिया। जैसे ही बच्चा बाहर आया, परिवार और गांव के लोगों ने राहत की सांस ली।
बच्चे को तुरंत सिविल अस्पताल होशियारपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। होशियारपुर की डीसी आशिका जैन ने बताया कि प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी विभागों को मौके पर लगाया। एनडीआरएफ, जिला प्रशासन, पुलिस और स्थानीय टीमों के संयुक्त प्रयास से यह सफल रेस्क्यू संभव हो पाया।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान पंजाब सरकार में मंत्री डॉ. रवजोत सिंह भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए कहा कि प्रशासन की तत्परता और ईश्वर की कृपा से बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। उन्होंने डॉक्टरों को बच्चे के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश भी दिए।
स्थानीय लोगों ने भी बचाव दल और प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि समय रहते शुरू किए गए ऑपरेशन ने एक बड़ा हादसा टाल दिया। फिलहाल बच्चे की हालत स्थिर बताई जा रही है और पूरे इलाके में खुशी का माहौल है।

