Thursday, April 25, 2024

Contact Us For Advertisement please call at :
+91-97796-00900

डॉ. सैजल द्वारा प्रकृति को सहेज कर भावी पीढ़ियों को सुरक्षित रखने में सहायक बनने का आग्रह, महोग में पूर्व सैनिकों को किया सम्मानित

हिमाचल प्रदेश( अश्वनी शर्मा) :  स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा आयुष मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि पौधरोपण कार्यक्रमों में जन सहभागिता के माध्यम से ही हरित आवरण में आशातीत वृद्धि की जा सकती है। डॉ. सैजल आज सोलन जिला के कण्डाघाट उपमण्डल के चायल की ग्राम पंचायत झाझा के महोग में युवा मोर्चा सोलन मण्डल द्वारा आयोजित वन महोत्सव एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर दाड़ू का पौधा रोपा। इस अवसर पर देवदार, दाड़ू व परसीमन इत्यादि के 200 पौधे रोपे गए।

आयुष मंत्री ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर वीरगति को प्राप्त सैनिकों को कृतज्ञ प्रदेशवासियों एवं जिला वासियों की ओर से श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि देशहित में सर्वोच्च बलिदान देने वाले असंख्य सैनिकों की शहादत को सदैव याद रखें और अपने कर्तव्य पथ पर सजगता एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ें।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सभी को देश के लिए अपने प्राण न्यौच्छावर करने वाले वीरों का इतिहास पढ़कर उसका अनुसरण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम कभी भी वीरों के ऋण से उऋण नहीं हो सकते। उन्होंने इस अवसर पर पूर्व सैनिक नरेश, प्रदीप, सुनील, अनूप, आशीष, अनिल, मोहन सिंह ठाकुर और अमित को हिमाचली टोपी एवं मफलर पहनाकर सम्मानित किया।

डॉ. सैजल ने कहा कि पौधरोपण कार्यक्रम में रोपे गए पौधों का स्वस्थ वृक्ष के रूप में आकार लेना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्ष दर वर्ष आयोजित किए जा रहे पौध रोपण कार्यक्रम तभी सफल हो सकते हैं जब जन-जन की इनमें भागीदारी हो। उन्होंने कहा कि रोपे गए पौधों की देखभाल कर हम न केवल उनकी स्वस्थ वृक्ष के रूप में पनपने में सहायता कर सकते हैं अपितु पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सशक्त भूमिका भी निभा सकते हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से आग्रह किया कि रोपे गए पौधों की देखभाल एवं सुरक्षा सुनिश्चित बनाएं ताकि यह पौधें वृक्ष के रूप में भविष्य में सभी को सुरक्षित रखने में सहायक बनें।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में अभी तक वन वृत्त सोलन में विभिन्न योजनाओं के तहत लगभग 1259 हैक्टेयर भूमि पर 10 लाख 61 हजार 534 पौधे रोपे गए हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष 386 हैक्टेयर भूमि पर 03 लाख 13 हजार 900 पौधे रोपे जा रहे हैं।
डॉ. सैजल ने कहा कि महोग क्षेत्र को प्रदेश एवं देश में पुष्पोत्पादन के लिए जाना जाता है। यहां की जलवायु फूलों के साथ उच्च कोटि के वृक्षों के लिए उपयोगी है। उन्होंने आग्रह किया वृक्षों का संरक्षण करें और प्रकृति को सहेज कर भावी पीढ़ियों को सुरक्षित रखने में सहायक बनें।

उन्होंने इस अवसर पर जनसमस्याएं सुनीं और अधिकारियों को इनके शीघ्र निवारण के निर्देश दिए। प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य डॉ. राजेश कश्यप ने इस अवसर पर कहा कि क्षेत्र की विविध जलवायु पर्यटन के लिए भी सर्वथा उपयुक्त है। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि गुणवत्तायुक्त होम स्टे आरम्भ कर रोज़गार एवं स्वरोज़गार की दिशा में आगे बढ़ें। भाजपा मण्डल सोलन के अध्यक्ष मदन ठाकुर ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। ग्राम पंचायत चायल के उप प्रधान पंकज ठाकुर ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य डॉ. राजेश कश्यप, बघाट बैंक के अध्यक्ष पवन गुप्ता, भाजपा जिला महामंत्री नंदराम कश्यप, वरिष्ठ भाजपा नेता रविन्द्र परिहार, भाजपा मण्डल अध्यक्ष मदन ठाकुर, कोषाध्यक्ष योगेन्द्र वर्मा, भाजयुमो मण्डल सोलन के अध्यक्ष रोहित भारद्वाज, महामंत्री दिनकर, ग्राम पंचायत आंजी के उप प्रधान एवं भाजयुमो मंडल महामंत्री वैभव ठाकुर, ग्राम पंचायत चायल के उप प्रधान पंकज ठाकुर, ग्राम पंचायत झाझा के उप प्रधान मनीष ठाकुर, ग्राम पंचायत शामती के पूर्व प्रधान संजीव सूद, भाजपा तथा भाजयुमो के वरिष्ठ पदाधिकारी, उपमण्डलाधिकारी कण्डाघाट डॉ. विकास सूद, खण्ड विकास अधिकारी हेमचंद शर्मा, वन विभाग के अधिकारी, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

0FansLike
3,352FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles

%d bloggers like this: