भारत और वेनेजुएला में ऊर्जा साझेदारी बनाने पर फैसला
प्रथम न्यूज। नई दिल्ली (ब्यूरो)- वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज भारत दौरे पर हैं। गुरुवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच एनर्जी सेक्टर में सहयोग बढ़ाने का फैसला लिया गया। पश्चिम एशिया में जारी तेल संकट के बीच लिए गए इस फैसले को अहम माना जा रहा है।
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच भारत की ओर से अप्रैल से वेनेजुएला से कच्चे तेल की खरीद में तेजी आई है। यही नहीं, वेनेजुएला भारत को कच्चे तेल की आपूर्ति करने वाला तीसरा सबसे बड़ा देश बनकर भी उभरा है।
हैदराबाद हाउस में हुई प्रधानमंत्री मोदी और डेल्सी रोड्रिगेज के बीच हुई इस बैठक में खनिजों, फार्मा, कृषि और ऑटोमोबाइल सहित कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर बातचीत हुई।
इस मुलाकात की जानकारी देते हुए विदेश मंत्रालय के सचिव (ईस्ट) रुद्रेंद्र टंडन ने बताया कि दोनों नेताओं के बीच बातचीत बहुत अहम और बिजनेस जैसी थी। उन्होंने कहा कि वेनेजुएला कई सालों से भारत को ऊर्जा के लिए एक स्थिर मांगकर्ता के तौर पर देखता है।

