वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की वित्तीय खुलासा रिपोर्ट में सामने आया है कि उनके निवेश प्रबंधकों ने अक्टूबर 2025 से मई 2026 के बीच अमेरिकी ई-कॉमर्स कंपनी कूपांग (Coupang) के शेयरों में कुल 18 बार खरीद-बिक्री की। यह लेनदेन ऐसे समय हुआ, जब दक्षिण कोरिया में कंपनी से जुड़े डेटा लीक मामले की जांच को लेकर अमेरिका और दक्षिण कोरिया के बीच चर्चा तेज थी।
अमेरिकी ऑफिस ऑफ गवर्नमेंट एथिक्स (OGE) में दाखिल तीन वित्तीय रिपोर्टों के अनुसार, ट्रंप ने 9 अक्टूबर 2025 से 22 मई 2026 के बीच दो निवेश खातों के माध्यम से कूपांग के शेयर खरीदे और बेचे। रिपोर्ट में लेनदेन की सटीक राशि नहीं बल्कि मूल्य सीमा (रेंज) दी गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, विभिन्न चरणों में 1,001 डॉलर से लेकर 2,50,000 डॉलर तक की मूल्य श्रेणियों में शेयरों की खरीद और बिक्री की गई। दस्तावेजों से यह भी संकेत मिलता है कि ट्रंप के पास कूपांग में अधिकतम लगभग 1.30 लाख डॉलर तक का निवेश हो सकता है।
इन निवेशों ने इसलिए भी ध्यान आकर्षित किया क्योंकि उसी अवधि में कूपांग के डेटा ब्रीच मामले की जांच को लेकर अमेरिकी पक्ष ने दक्षिण कोरियाई अधिकारियों की कार्रवाई पर सवाल उठाए थे। अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की न्यायिक समिति (House Judiciary Committee) की एक स्टाफ रिपोर्ट और व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने जांच को पक्षपातपूर्ण बताया था।
वित्तीय खुलासा रिपोर्ट में यह भी उल्लेख है कि वर्ष 2025 के दौरान कूपांग के शेयरों में हुई ट्रेडिंग से ट्रंप को या तो कोई लाभ नहीं हुआ या फिर बहुत सीमित आय हुई।
इस मामले पर प्रतिक्रिया के लिए भेजे गए मीडिया के अनुरोध पर व्हाइट हाउस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।


