Homeजालंधरजालंधर में BMS शोरूम पर फायरिंग के बाद 50 लाख की फिरौती...

जालंधर में BMS शोरूम पर फायरिंग के बाद 50 लाख की फिरौती की मांग, पुलिस जांच में जुटी

जालंधर, 12 जून(महेश रहेजा): जालंधर के किशनपुरा चौक के निकट स्थित BMS Fashion शोरूम के बाहर दिन-दहाड़े हुई फायरिंग की घटना ने शहर में सनसनी फैला दी है। घटना की सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है, क्योंकि शोरूम संचालक को कथित तौर पर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने वाला फोन भी आया है।

जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार दो अज्ञात युवक शोरूम के बाहर पहुंचे और फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फायरिंग के दौरान शोरूम के शीशे को नुकसान पहुंचा, जबकि गनीमत यह रही कि उस समय वहां कोई ग्राहक मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

सूत्रों के मुताबिक, फायरिंग के बाद आए फोन में आरोपियों ने 50 लाख रुपये की मांग करते हुए धमकी दी। कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग में फिरौती मांगने वालों ने कहा कि “अब चाहे एसपी को बुला लो या डीएसपी को”, जिससे उनके हौसले बुलंद दिखाई दे रहे हैं। फोन कॉल की रिकॉर्डिंग भी सामने आई बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और इलाके का निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। साथ ही, फोन कॉल और ऑडियो रिकॉर्डिंग की भी जांच की जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया जा रहा है। फायरिंग और फिरौती की इस घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में भय का माहौल है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments