Friday, June 12, 2026

Contact Us For Advertisement please call at :
+91-97796-00900

Homeहिमाचलशिमलामोदी सरकार ने हिमाचल को विकास की नई रफ्तार दी, सड़क, स्वास्थ्य...

मोदी सरकार ने हिमाचल को विकास की नई रफ्तार दी, सड़क, स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे में हुए ऐतिहासिक कार्य : नड्डा

जल जीवन मिशन, उज्ज्वला और प्रधानमंत्री आवास योजना से हिमाचल के लाखों परिवारों के जीवन में आया सकारात्मक बदलाव : नड्डा

शिमला (वी.शर्मा) – भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के अंतर्गत शिमला में आयोजित बुद्धिजीवी सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य, परिवार कल्याण, रसायन एवं उर्वरक मंत्री तथा भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष भारत के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखे जाएंगे। उन्होंने कहा कि ये 12 वर्ष केवल एक सरकार के कार्यकाल नहीं, बल्कि विकसित भारत की मजबूत आधारशिला रखने वाले परिवर्तनकारी वर्ष हैं।
जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 4399 दिनों तक देश के प्रधान सेवक के रूप में कार्य करते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह उपलब्धि केवल एक व्यक्ति की नहीं बल्कि देश की 140 करोड़ जनता के विश्वास, समर्थन और आशाओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जब देश ने आजादी के 75 वर्ष पूरे किए, तब प्रधानमंत्री मोदी ने अमृतकाल का आह्वान करते हुए वर्ष 2047 तक विकसित भारत का संकल्प रखा था और पिछले 12 वर्षों में उस संकल्प की मजबूत नींव रखी जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश की राजनीति जातिवाद, परिवारवाद, तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार के इर्द-गिर्द घूमती थी। आम नागरिक यह मान चुका था कि सरकारें बदलती हैं लेकिन व्यवस्था नहीं बदलती। जनता ने अपनी परिस्थितियों से समझौता कर लिया था। प्रधानमंत्री मोदी ने इस सोच को बदलते हुए राजनीति को सेवा, सुशासन और जवाबदेही का माध्यम बनाया। आज आम नागरिक भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने का साहस करता है क्योंकि उसे विश्वास है कि सरकार उसकी सुनेगी।
नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश को “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” का मंत्र दिया। पहले सरकारें सबके वोट से बनती थीं लेकिन किसी एक परिवार, जाति या क्षेत्र तक सीमित हो जाती थीं। आज मोदी सरकार 140 करोड़ भारतीयों की सरकार के रूप में कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और उसके करोड़ों कार्यकर्ताओं ने जिन संकल्पों के लिए दशकों तक संघर्ष किया, प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें पूरा करके दिखाया। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाना, अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण, मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक जैसी कुप्रथा से मुक्ति दिलाना तथा नागरिकता संशोधन अधिनियम लागू करना ऐसे ऐतिहासिक निर्णय हैं जिन्हें पहले की सरकारें केवल राजनीतिक कारणों से टालती रहीं।
नड्डा ने कहा कि मोदी सरकार को लगातार तीसरी बार जनता का आशीर्वाद मिला है। वर्ष 2014 के बाद हुए तीनों लोकसभा चुनावों में भाजपा देश की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। पिछले वर्षों में हुए 75 प्रमुख चुनावों में से 43 में भाजपा और एनडीए को विजय प्राप्त हुई है। आज देश के 78 प्रतिशत नागरिक भाजपा और एनडीए शासित राज्यों में रहते हैं। यह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और भाजपा की जनहितकारी नीतियों पर जनता के विश्वास का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के आधारभूत ढांचे में अभूतपूर्व क्रांति आई है। रेलवे के विद्युतीकरण में 200 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और हिमाचल प्रदेश में शत-प्रतिशत रेलवे विद्युतीकरण पूरा हो चुका है। राष्ट्रीय राजमार्गों, सुरंगों, फोरलेन परियोजनाओं और आधुनिक परिवहन नेटवर्क ने देश की तस्वीर बदल दी है। उन्होंने कहा कि आज भारत में विश्वस्तरीय सड़कें और बुनियादी ढांचा तैयार हो रहा है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देशभर में 4 लाख 30 हजार किलोमीटर से अधिक ग्रामीण सड़कें बनाई गई हैं जबकि हिमाचल प्रदेश में 14,400 किलोमीटर से अधिक ग्रामीण सड़क नेटवर्क विकसित किया गया है। इससे गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में बड़ी सफलता मिली है।
उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है। हिमाचल प्रदेश में लगभग डेढ़ लाख परिवारों को गैस कनेक्शन प्रदान किए गए हैं। जल जीवन मिशन के माध्यम से देशभर में करोड़ों घरों तक नल से जल पहुंचाया गया है तथा हिमाचल प्रदेश में शत-प्रतिशत घरों को पेयजल सुविधा से जोड़ा गया है।
नड्डा ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत देशभर में 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण किया गया है। हिमाचल प्रदेश में लगभग दो लाख शौचालय बनाए गए हैं। यह अभियान केवल निर्माण कार्य नहीं बल्कि महिलाओं के सम्मान और गरिमा की रक्षा का अभियान है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से करोड़ों गरीब परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराए गए हैं। हिमाचल प्रदेश में भी एक लाख से अधिक परिवार इस योजना से लाभान्वित हुए हैं।
स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए ऐतिहासिक विस्तार का उल्लेख करते हुए नड्डा ने कहा कि वर्ष 2014 में देश में लगभग 376 मेडिकल कॉलेज थे जो आज बढ़कर 820 से अधिक हो चुके हैं। हिमाचल प्रदेश में चंबा, हमीरपुर और नाहन में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं जबकि बिलासपुर में एम्स की स्थापना प्रदेश के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित हुई है।
उन्होंने कहा कि भारत आज रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है। रक्षा निर्यात में 5700 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और भारत अब दुनिया के अनेक देशों को रक्षा सामग्री निर्यात कर रहा है। ब्रह्मोस मिसाइल, स्वदेशी रक्षा उपकरण और आधुनिक सैन्य तकनीक भारत की बढ़ती ताकत का प्रमाण हैं।
आतंकवाद और नक्सलवाद पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। भारत अब आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने वाला राष्ट्र बन चुका है। नक्सलवाद प्रभावित क्षेत्रों में विकास, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से स्थिति में ऐतिहासिक सुधार हुआ है।
उन्होंने कहा कि चंद्रयान-3 की सफलता, गगनयान मिशन की तैयारी, मोबाइल निर्माण, सेमीकंडक्टर उत्पादन, डिजिटल इंडिया, वंदे भारत ट्रेनें, आधुनिक एयरपोर्ट और ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क भारत के नए आत्मविश्वास की पहचान हैं।
नड्डा ने कहा कि आज का भारत आत्मविश्वासी, सशक्त और विश्व मंच पर नेतृत्व करने वाला भारत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अमृतकाल की ओर अग्रसर है और भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए पूर्ण समर्पण और निष्ठा के साथ कार्य कर रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments