पुलिस कर्मियों को एसएसपी की चेतावनी, कोताही पर होगी सख्त कार्रवाई
शिमला पुलिस में जवाबदेही बढ़ी, कार्यप्रणाली की हो रही नियमित समीक्षा
शिमला (एएम नाथ)- ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में न्यू शिमला थाना के एसएचओ को निलंबित कर दिया गया है। इस संबंध में एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने आदेश जारी कर दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में कार्य के प्रति किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को पूरी पेशेवर प्रतिबद्धता के साथ कार्य करना होगा।
एसएसपी ने बताया कि पुलिस कर्मियों के कामकाज की नियमित निगरानी और समय-समय पर मूल्यांकन किया जा रहा है। विशेष रूप से अन्वेषणाधीन मामलों में लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए जवाबदेही तय की जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी काम में लापरवाही के मामलों में कई पुलिस कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। टिक्कर चौकी प्रभारी सहित विभिन्न थानों और चौकियों के प्रभारियों पर भी विभागीय कार्रवाई अमल में लाई गई थी। वहीं, थानों और चौकियों में कामकाज प्रभावित न हो, इसके लिए पुलिस विभाग ने एक समय में 10 प्रतिशत से अधिक कर्मचारियों को अवकाश देने पर रोक लगा रखी है।
एसएसपी गौरव सिंह ने दोहराया कि पुलिस बल में अनुशासन और कार्यकुशलता बनाए रखने के लिए निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है तथा लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कदम आगे भी जारी रहेंगे।

