-शहीद भगत सिंह सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, काला नंगल में 50 छात्राओं के हुए हीमोग्लोबिन व ब्लड ग्रुप टेस्ट
गुरदासपुर (संदीप सन्नी)– भारत विकास परिषद सिटी शाखा गुरदासपुर ‘श्रीमती गजेंद्र कोंडल एनीमिया मुक्त भारत अभियान’ गुरदासपुर के अंतर्गत शहीद भगत सिंह सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, काला नंगल में एक विशेष कैंप का आयोजन किया गया। यह कैंप शाखा अध्यक्ष रमेश मल्होत्रा की अध्यक्षता में लगाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा भारत माता के चित्र के समक्ष ज्योति प्रज्वलन और वंदे मातरम के सामूहिक गायन के साथ हुआ।
इस अवसर पर रिटायर्ड वेटरिनरी ऑफिसर सुखविंदर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, स्कूल के ऑफिशिएटिंग प्रिंसिपल सरदार जोत सिंह और पंचायत मेंबर सर्वजीत सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
50 छात्राओं की हुई क्लिनिकल जांच:
कैंप के दौरान स्कूल की 50 छात्राओं के ब्लड सैंपल लिए गए, जिनका हीमोग्लोबिन और ब्लड ग्रुप टेस्ट किया जाएगा। ये सभी टेस्ट बीबी चैरिटेबल वेलफेयर सोसाइटी की क्लिनिकल लैबोरेट्री टीम के इंचार्ज श्री शिव गौतम की देखरेख में पूरी सटीकता के साथ किए गए। मुख्य अतिथि सुखविंदर सिंह ने एनीमिया के खतरों और इसके निवारण पर प्रकाश डालते हुए भारत विकास परिषद के इस प्रयास की भरपूर सराहना की। विशिष्ट अतिथियों ने भी परिषद द्वारा किए जा रहे समाज व राष्ट्र सेवा के कार्यों को अनुकरणीय बताया। स्कूल के प्रिंसिपल सरदार जोत सिंह ने परिषद की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया।
समाज सेवा में अग्रणी है बीबी चैरिटेबल वेलफेयर सोसाइटी
समिति के वित्त सचिव बी.बी. गुप्ता ने बीबी चैरिटेबल वेलफेयर सोसाइटी गुरदासपुर के कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि “इस सोसाइटी की शुरुआत वर्ष 2015-16 में सुनील महाजन और शिव गौतम के प्रयासों से हुई थी। आज यह संस्था इलाके के लोगों के लिए कंप्यूटर सेंटर, फिजियोथैरेपी सेंटर, वस्त्र बैंक, आधुनिक लैबोरेट्री और एम्बुलेंस सेवा जैसे कई प्रकल्प समर्पित कार्यकर्ताओं के सहयोग से सफलता पूर्वक चला रही है।”
कार्यक्रम के दौरान स्कूल की अध्यापिका और चार छात्राओं ने भी एनीमिया विषय पर अपने प्रभावशाली विचार व भाषण प्रस्तुत किए।
गुरु वंदन छात्र अभिनंदन कार्यक्रम का भी हुआ आयोजन:
इसी कड़ी में स्कूल परिसर के भीतर ही परिषद द्वारा ‘गुरु वंदन छात्र अभिनंदन’ कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसके प्रकल्प प्रमुख रिटायर्ड लेक्चरर रमेश मोहन रहे। इस दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 5 अध्यापकों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया और बच्चों को उज्जवल भविष्य का आशीर्वाद दिया गया।
इससे पहले कार्यक्रम के आरंभ में अध्यक्ष रमेश मल्होत्रा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और सहयोग के लिए स्कूल स्टाफ व विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। मंच का कुशल संचालन शाखा सचिव विकास सिंगरी ने किया। कार्यक्रम के अंत में रिटायर्ड प्रिंसिपल सरदार सतवंत सिंह ने सभी का धन्यवाद ज्ञापन किया।
इस मौके पर उपाध्यक्ष बलविंदर डोगरा, कोषाध्यक्ष विजय शर्मा, कैप्टन श्याम लाल, राजीव कुमार, सतविंदर कौर सहित स्कूल का स्टाफ और भारी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगा ‘जन गण मन’ के साथ ससम्मान किया गया।




