मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने 61 वर्ष की उम्र में अपनी लंबे समय से करीबी दोस्त और पार्टनर गौरी स्प्रैट के साथ निजी समारोह में विवाह कर लिया। दोनों ने 5 जुलाई को मुंबई के बांद्रा स्थित आमिर के पाली हिल निवास पर परिवार और करीबी मित्रों की मौजूदगी में सादगीपूर्ण अंदाज में शादी की। यह आमिर खान का तीसरा विवाह है।
शादी समारोह को पूरी तरह निजी रखा गया, जिसमें केवल परिवार के सदस्य, करीबी रिश्तेदार और चुनिंदा मेहमान शामिल हुए। आमिर के बच्चों जुनैद, आइरा और आजाद के साथ-साथ गौरी स्प्रैट के बेटे ने भी इस खास अवसर पर मौजूद रहकर नवदंपति को शुभकामनाएं दीं। इससे पहले आमिर ने मीडिया से बातचीत में बताया था कि वह भव्य समारोह के बजाय घर पर ही एक छोटा और पारिवारिक विवाह करना चाहते हैं।
गौरी स्प्रैट मूल रूप से बेंगलुरु की रहने वाली हैं और पिछले दो वर्षों से आमिर खान के साथ रिश्ते में थीं। दोनों एक-दूसरे को करीब 25 वर्षों से जानते हैं। आमिर ने अपने 60वें जन्मदिन के अवसर पर पहली बार सार्वजनिक रूप से गौरी को अपनी पार्टनर के रूप में परिचित कराया था।
शादी के बाद आमिर और गौरी को सोशल मीडिया पर फिल्मी हस्तियों और प्रशंसकों की ओर से लगातार शुभकामनाएं मिल रही हैं। अभिनेता ने अपने नए जीवन की शुरुआत पर सभी से आशीर्वाद और शुभकामनाओं की अपील की है।


